E-Paperhttps://rdnews24.in/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifराजस्थानलोकल न्यूज़

फिरोजपुर फीडर पुनर्निर्माण के लिए गंगनहर में 21 जनवरी से 24 फरवरी तक रहेगी बंद

पुरानी बीकानेर कैनाल से मिलेगा नहरी पानी, जिला प्रशासन के साथ बैठक में किसान संगठन प्रतिनिधियों ने जताई सहमति

श्रीगंगानगर, । पंजाब क्षेत्र में फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण के लिए गंगनहर में 21 जनवरी से लेकर 24 फरवरी 2026 तक बंदी रहेगी। बंदी के दौरान पुरानी बीकानेर कैनाल से नहरी पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने बंदी अवधि के दौरान निर्धारित शेयर के अनुसार नहरी पानी उपलब्ध करवाने पर सहमति जताई।

 

बैठक में पूर्व मंत्री श्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी, सादुलशहर विधायक श्री गुरवीर सिंह, श्रीगंगानगर विधायक श्री जयदीप बिहाणी ने कहा कि लंबे समय से गंगनहर क्षेत्र के काश्तकारों की फिरोजपुर फीडर को पक्का किये जाने की मांग थी। माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा इसे गम्भीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही करते हुए बजट का प्रावधान कर पंजाब राज्य को 50 करोड़ का अग्रिम भुगतान कर दिया गया है।

 

उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय की संवेदनशीलता की वजह से जिले के किसानों को नहरी पानी की उपलब्धता को लेकर समस्या नहीं आएगी। नहरबंदी को लेकर किसानों में भ्रांतियों के निस्तारण के लिए और इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के साथ-साथ फिरोजपुर फीडर पुनर्निर्माण कार्य की जानकारी देने के लिए मुख्य अभियंता श्री अमरजीत सिंह मेहरड़ा को भेजा गया है।

 

उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक अन्तर्राज्यीय बैठक में फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण की बात की जाती रही है। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं किसान संगठन प्रतिनिधियों से सकारात्मक रवैया अपनाते हुए इसमें सहयोग करने का आग्रह किया गया।

 

पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री निहालचंद ने बैठक में बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार फिरोजपुर फीडर का पुर्नर्निमाण का कार्य करवायेगी। उन्होंने फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण कार्य के दौरान निर्माण कार्यों पर एवं हुसैनीवाला हैड पर राजस्थान राज्य की ओर से किसी अधिकारी को निरन्तर रूप से प्रतिनियुक्त किये जाने का सुझाव दिया।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सदैव किसानों के कल्याण को लेकर निर्णय किये हैं। किसान को पूरा पानी मिले, उसे समय पर अच्छी गुणवत्ता के खाद व बीज मिले, जिससे किसान की फसल अच्छी हो तथा उसकी माली हालत में सुधार हो। केन्द्र की सरकार भी नदियों का विकास कर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने पर काम कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि किसान कल्याण को लेकर किसान सम्मान निधि जो केन्द्र व राज्य दोनों सरकारों की ओर से प्रदान की जा रही है। इस क्षेत्र के नहरों का सुदृढ़ीकरण करने के साथ-साथ खालों को भी पक्का करने का कार्य बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, जिससे किसानों का भला होगा तथा उन्हें सिंचाई के लिये पर्याप्त पानी मिलेगा। श्री पृथ्वीपाल सिंह संधू द्वारा गंगनहर में पानी चोरी के सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही हेतु कहा गया।

 

मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव (पश्चिम), जल संसाधन जयपुर एवं पदेन सचिव, इंदिरा गांधी नहर बोर्ड, जयपुर श्री अमरजीत मेहरड़ा ने किसान प्रतिनिधियों की शंकाओं पर स्थिति स्पष्ट करते हुए अवगत कराया कि फिरोजपुर फीडर में बंदी के दौरान पुरानी बीकानेर कैनाल के माध्यम से खखां हैड पर लगभाग 1500 क्यूसेक मिलता रहेगा।

 

उन्होंने बताया कि बंदी को अप्रैल माह में लिया जाना सम्भव नहीं है क्योंकि पंजाब राज्य द्वारा मार्च, 2026 माह में इंदिरा गांधी नहर परियोजना के पंजाब भाग में शेष रहे कार्यों को करवाया जाना है। पूर्व में भी फिरोजपुर फीडर में बंदी 5 जनवरी, 2026 से पंजाब द्वारा ली जानी थी, जिस पर गंगनहर क्षेत्र में फसलों हेतु पानी की आवश्यकता को देखते हुए पंजाब से वार्ता की गयी एवं पंजाब द्वारा इसे 15 जनवरी कर दिया गया। इस बंदी तिथि को भी आगे करने हेतु पंजाब से आग्रह किया गया जिस पर पंजाब द्वारा इसे 21 जनवरी, 2026 से लिया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि फिरोजपुर फीडर में बंदी से पूर्व हुसैनीवाला से पुरानी बीकानेर कैनाल में पानी का प्रवाह कर दिया जाएगा। बंदी के दौरान निर्धारित शेयर के अनुसार पानी की आवक सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. मंजू, एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, श्री प्रदीप रुस्तगी, श्री धीरज चावला, श्री शरणपालसिंह मान, पूर्व विधायक श्री बलवीर लूथरा, श्री महेंद्र सिंह बराड़, श्रीमती सोना देवी, श्री हरविंदर सिंह गिल, श्री संतवीर सिंह चहल, श्री गुरबलपाल सिंह संधू, श्री कालू थोरी, श्री राकेश शर्मा, श्री आत्माराम तरड़, श्री सतपाल कासनिया, श्री पृथीपाल सिंह संधू, श्री दशरथ सिंह शेखावत, श्री विजय रेवाड़, श्री श्योपत राम, श्री अमर सिंह बिश्नोई, श्री सतविंदर पाल सिंह, श्री रविन्द्र तरखान सहित अन्य मौजूद रहे।

रिपोर्टर किशन कुमार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!